भोपाल में कांग्रेस की किसान महा चौपाल: खरगे और राहुल गांधी करेंगे किसानों से संवाद

भोपाल, 23 फरवरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल में आयोजित किसान महा चौपाल में शामिल होकर किसानों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश की राजधानी में जवाहर चौक पर आयोजित किया जा रहा है, जहां व्यापक तैयारियां की गई हैं।

पार्टी नेताओं ने प्रदेशभर में गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क किया और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए उन्हें महा चौपाल में भाग लेने का आह्वान किया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों और आमजन से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

जीतू पटवारी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि यह समझौता किसानों के लिए नुकसानदेह है और इसके विरोध में पार्टी नेतृत्व किसानों की आवाज को मजबूत करेगा। उमंग सिंघार ने दावा किया कि समझौते के बाद कपास, सोयाबीन, मक्का और सरसों जैसी फसलों के दामों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है तथा किसानों की आय और कर्ज से जुड़े मुद्दे गंभीर बने हुए हैं।

महा चौपाल को पार्टी नेताओं ने किसान सम्मान और अधिकारों की निर्णायक लड़ाई का मंच बताया है। इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में भी प्रदर्शन किया और कहा कि प्रस्तावित व्यापार व्यवस्था से कृषि बाजारों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर हाल में सहमति बनी थी, जिसे लेकर विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *