उत्तर प्रदेश का वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट: विकास, सुशासन और दूरदर्शी नेतृत्व का ऐतिहासिक दस्तावेज

₹9.13 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट: सर्वांगीण विकास का ब्लूप्रिंट - डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ, बुधवार। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तृतीय दिवस पर वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए ₹9,12,696.35 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इसे राज्य के समग्र, समावेशी और सतत विकास का स्पष्ट रोडमैप बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकासोन्मुखी और निर्णायक शासन का सशक्त प्रमाण बताया।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह बजट मात्र आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की दूरदर्शी परिकल्पना है। उन्होंने कहा कि एक ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया यह 10वां बजट नीति की निरंतरता, प्रशासनिक स्थिरता और सुशासन का प्रतीक है। बजट का आकार पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 12.9 प्रतिशत अधिक है, जो राज्य की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बजट की प्रमुख विशेषताएं

1- ₹43,565 करोड़ से अधिक की धनराशि नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित।

2- ₹2 लाख करोड़ से अधिक का आवंटन इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और आर्थिक सुदृढ़ीकरण हेतु।

3- कुल बजट का 19.5 प्रतिशत पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) के लिए निर्धारित।

4- शिक्षा के लिए 12.4 प्रतिशत तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 6 प्रतिशत आवंटन।

5- कृषि एवं संबद्ध सेवाओं के लिए 9 प्रतिशत बजट प्रावधान।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पूंजीगत व्यय पर विशेष जोर दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण और रोजगार सृजन को गति देगा। शिक्षा और स्वास्थ्य पर बढ़ा हुआ निवेश मानव संसाधन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जबकि कृषि क्षेत्र में आवंटन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि 16वें केंद्रीय वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2026–27 में राजकोषीय घाटे की सीमा 3 प्रतिशत निर्धारित की गई है, जो वर्ष 2030–31 तक लागू रहेगी। राज्य सरकार सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन और ऋण नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्ध है। वर्ष 2016–17 में 29.3 प्रतिशत के ऋण-जीएसडीपी अनुपात को वर्ष 2019–20 तक घटाकर 27.9 प्रतिशत करना वित्तीय अनुशासन का उदाहरण है।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह बजट युवा ऊर्जा, किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने वाला परिवर्तनकारी दस्तावेज है। इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य में अभूतपूर्व निवेश उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ाएगा।

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला एलेनोर रूजवेल्ट के शब्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “महान मस्तिष्क विचारों पर विमर्श करते हैं, सामान्य मस्तिष्क घटनाओं पर चर्चा करते हैं और छोटे मस्तिष्क व्यक्तियों में उलझे रहते हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार जब विचारों, नीतियों और दीर्घकालिक विकास दृष्टि से राज्य का निर्माण कर रही है, तब निरर्थक आलोचनाएं स्वयं अपना स्तर प्रदर्शित कर देती हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में दृढ़ता से अग्रसर है तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 का यह बजट नवनिर्माण, आत्मनिर्भरता और व्यापक जनकल्याण का ऐतिहासिक दस्तावेज सिद्ध होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *