अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल), 3 जनवरी : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शनिवार को निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को “वैनिश कुमार” करार दिया और भाजपा सांसदों की तुलना “सांप” से की।
उत्तर बंगाल में भाजपा का गढ़ माने जाने वाले अलीपुरद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि एसआईआर के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह रैली उनके 19 दिवसीय राज्यव्यापी अभियान ‘अबार जीतबे बांग्ला’ (बंगाल फिर जीतेगा) के तहत आयोजित 26 रैलियों में दूसरी थी। 2026 के विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही टीएमसी ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर हमले तेज कर दिए हैं।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, “क्या आप ज्ञानेश कुमार को जानते हैं? वह एक जादूगर हैं। वह मतदाता सूची से जीवित लोगों को गायब कर सकते हैं और मुर्दों को चला सकते हैं। अब वह ‘वैनिश कुमार’ हैं।”
उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के प्रतिनिधि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग के कार्यालय गए थे। बनर्जी ने आरोप लगाया, “हमने उनसे सारी जानकारी सार्वजनिक करने को कहा, लेकिन अब जादू हो रहा है। जीवित नागरिक मतदाता सूची से गायब किए जा रहे हैं।”
टीएमसी नेता ने एसआईआर प्रक्रिया की तुलना नोटबंदी से करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “दस साल पहले लोगों को सपने दिखाकर कतारों में खड़ा किया गया था और काला धन खत्म होने की बात कही गई थी। आज काला धन और बढ़ गया है। अब फिर लोगों को कतारों में खड़ा किया जा रहा है। पहले लोग सरकार चुनते थे, अब सरकार तय करना चाहती है कि कौन मतदाता होगा।”
भाजपा पर हमला तेज करते हुए बनर्जी ने मतदाताओं से पार्टी पर भरोसा न करने की अपील की। उन्होंने कहा, “भाजपा सांसद और सांप एक जैसे हैं। आप घर के पीछे सांप पाल लीजिए, वह दूध पीएगा, केला खाएगा, लेकिन अंत में आपको ही डंसेगा।”
गौरतलब है कि वर्ष 2019 से अलीपुरद्वार लोकसभा सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है। इस पर टिप्पणी करते हुए बनर्जी ने मतदाताओं से अपील की, “इस बार पुरानी सोच को बढ़ावा मत दीजिए। टीएमसी को मौका दीजिए। अगर हम आपके लिए काम नहीं कर पाए, तो अगली बार हमें हटा दीजिए।”
उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल के जरिए “लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने वालों को सबक सिखाने” का आह्वान किया। बनर्जी ने कहा, “संविधान बदलने की चाह रखने वालों को अंततः सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा।”
उत्तर बंगाल में टीएमसी की वापसी की रणनीति पर जोर देते हुए उन्होंने अलीपुरद्वार जिले को अहम बताया और कहा, “इस बार अलीपुरद्वार को आगे रहना होगा। टीएमसी को हर बूथ पर जीत हासिल करनी होगी। एक भी बूथ नहीं छोड़ना है।”
अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल में कल्याणकारी योजनाओं, खासकर महिलाओं के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजनाओं में कटौती की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने 2026 के चुनाव को निर्णायक बताते हुए कहा, “अगर अभी पलटवार नहीं किया गया, तो वे आपके मतदान के अधिकार छीनने की कोशिश करेंगे।”
भाजपा शासित राज्यों पर भी निशाना साधते हुए बनर्जी ने मध्य प्रदेश में कथित रूप से दूषित पेयजल से हुई मौतों का उल्लेख किया और सवाल किया, “जो लोग पीने का साफ पानी नहीं दे सकते, क्या वे आपको रहने के लिए छत देंगे?”
