टीजीटी परीक्षा के पहले दिन 2.21 लाख अभ्यर्थी शामिल, एआई निगरानी में 11 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए

लखनऊ, 03 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 3,539 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के पहले दिन बुधवार को प्रदेश के 36 जिलों में परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। पहली बार परीक्षा की निगरानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एकीकृत नियंत्रण एवं कमांड कक्ष के माध्यम से की गई, जिसके जरिए 11 फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान की गई।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि द्वितीय पाली में हिन्दी, गणित, कृषि तथा संगीत (गायन) विषय के प्रश्नपत्र हुए। पहली पाली की परीक्षा 514 केंद्रों तथा दूसरी पाली की परीक्षा 508 केंद्रों पर संपन्न हुई।

टीजीटी भर्ती परीक्षा के लिए कुल 8,68,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। पहले दिन दोनों पालियों में कुल 2,21,489 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी 45.41 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की भागीदारी 52.42 प्रतिशत दर्ज की गई।

आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई आधारित एकीकृत नियंत्रण एवं कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों की वास्तविक समय में निगरानी की गई। जांच के दौरान लखनऊ, बरेली और चित्रकूट में दो-दो तथा जौनपुर और मिर्जापुर में एक-एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वहीं दूसरी पाली में लखनऊ में दो और हाथरस में एक अभ्यर्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए मिला।

कुल 11 फर्जी परीक्षार्थियों में से नौ को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी परीक्षा केंद्रों से फरार होने में सफल रहे। सभी मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

राजधानी लखनऊ में कुल 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, उड़नदस्तों और विशेष निगरानी व्यवस्था की सहायता से परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम रहा और निर्धारित समय में प्रश्नों को हल करना संभव था।

आयोग के अनुसार 4 जून को भी परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान और संगीत वादन विषय की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में संस्कृत, वाणिज्य और कला विषय के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *