लखनऊ में ATS और J&K पुलिस की छापेमारी: आतंकी मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड डॉ. शाहीन शाहिद के घर से मिले अहम सुराग

लखनऊ/नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला के पास हुए कार विस्फोट मामले की जांच में मंगलवार को बड़ा मोड़ आया। उत्तर प्रदेश एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक महिला डॉक्टर के घर पर छापा मारा। यह कार्रवाई फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तारों की जांच के तहत की गई।

छापेमारी लखनऊ की डॉ. शाहीन शाहिद के घर पर की गई, जो गिरफ्तार आतंकी डॉ. मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड बताई जा रही हैं। शाहीन को एक दिन पहले फरीदाबाद में हिरासत में लिया गया था। जांच में सामने आया कि दिल्ली धमाके में इस्तेमाल की गई आई-20 कार डॉ. शाहीन के नाम पर पंजीकृत थी। टीम ने उनके मुत्तकीपुर स्थित घर की तलाशी ली, जहां से कई दस्तावेज, लैपटॉप और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए।

एटीएस सूत्रों के अनुसार, मकान मालिक डॉ. परवेज अंसारी हैं और शाहीन की गाड़ी पर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी का पास लगा मिला है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि शाहीन और मुजम्मिल पिछले कुछ महीनों से दिल्ली और फरीदाबाद के बीच लगातार संपर्क में थे। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि शाहीन को धमाके की साजिश की जानकारी पहले से थी या नहीं।

इससे पहले, सहारनपुर में डॉक्टर आदिल अहमद की गिरफ्तारी ने पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। आदिल की निशानदेही पर ही डॉ. मुजम्मिल को पकड़ा गया था, जो कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा बताया जा रहा है।

सोमवार शाम दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुई भयंकर विस्फोट की घटना ने पूरे देश को दहला दिया। आई-20 कार में हुए धमाके में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 19 से अधिक घायल हैं। लोकनायक अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज जारी है। विस्फोट में छह गाड़ियां पूरी तरह नष्ट हो गईं और करीब 20 वाहन क्षतिग्रस्त हुए।

बताया जा रहा है कि कार पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से लाल किला होते हुए दरियागंज की ओर जा रही थी, जब शाम करीब 6:52 बजे उसमें धमाका हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। पुलिस को शक है कि विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल हुआ है।

फिलहाल दिल्ली, लखनऊ और फरीदाबाद में एक साथ छापेमार कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह धमाका एक संगठित आतंकी नेटवर्क की बड़ी साजिश का हिस्सा था।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे – https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *