गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान आयोजित जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों को उपचार के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीज और उनके परिजन बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं, सरकार मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भरपूर सहयोग उपलब्ध कराएगी।
होलिकोत्सव मनाने गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए फरियादियों के पास स्वयं जाकर उन्होंने एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मरीजों को उपचार हेतु आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि मदद में देरी न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद को धन के अभाव में उपचार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
जनता दर्शन में प्राप्त अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरतनी चाहिए तथा त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी घबराने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और प्रत्येक समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। जनता दर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
