कोलकाता। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आज ईडेन गार्डेन्स पर टिकी होंगी, जहां टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम का अभियान यहीं समाप्त हो जाएगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।
दक्षिण अफ्रीका अजेय, बल्लेबाज शानदार फॉर्म में
दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है और सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। कप्तान एडेन मार्करम बेहतरीन लय में हैं। मार्करम सात मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बना चुके हैं। रेयान रिकेल्टन ने भी 171 के स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाकर टीम को मजबूती दी है, जबकि क्विंटन डिकॉक ने पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाई है।
गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी छह मैचों में 12 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। कॉर्बिन बॉश 11 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि कगिसो रबाडा ने अहम मौकों पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
आंकड़ों में प्रोटियाज का पलड़ा भारी
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 19 मुकाबले हुए हैं, जिनमें 12 बार दक्षिण अफ्रीका विजयी रही है, जबकि न्यूजीलैंड को सात जीत मिली हैं। टी20 विश्व कप में दोनों टीमों की पांच बार भिड़ंत हुई है और पांचों बार दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की है। हालांकि, टी20 विश्व कप के नॉकआउट में यह दोनों टीमों की पहली टक्कर होगी।
नॉकआउट इतिहास कीवी टीम के पक्ष में
अगर आईसीसी टूर्नामेंट्स के नॉकआउट इतिहास पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। 2011 वनडे विश्व कप क्वार्टर फाइनल, 2015 वनडे विश्व कप सेमीफाइनल और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल—इन तीनों मौकों पर कीवी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराया है। हालांकि ये सभी मुकाबले 50 ओवर प्रारूप में थे।
न्यूजीलैंड का बड़ा मंच पर दमखम
न्यूजीलैंड को भले ही कम आंका जाता हो, लेकिन बड़े टूर्नामेंट्स में उसका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। टीम 2021 और 2022 टी20 विश्व कप के फाइनल, 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंच चुकी है। हालांकि इस बार टीम में केन विलियम्सन, टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी महसूस हो रही है।
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
कागजों पर दक्षिण अफ्रीका मजबूत नजर आ रही है, लेकिन नॉकआउट दबाव और न्यूजीलैंड का बड़े मैचों का अनुभव मुकाबले को बेहद रोमांचक बना सकता है। कोलकाता का ऐतिहासिक ईडेन गार्डेन्स एक और यादगार सेमीफाइनल का गवाह बनने को तैयार है।
अब देखना यह है कि क्या दक्षिण अफ्रीका अपना अजेय अभियान जारी रखकर फाइनल में पहुंचेगी या फिर न्यूजीलैंड एक बार फिर बड़े मंच पर उलटफेर कर इतिहास रचेगी।
