कांग्रेस ने दिल्ली विस्फोट की गहन और त्वरित जांच की मांग की

नयी दिल्ली, 10 नवम्बर । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को लाल किले के निकट हुए कार विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने पर गहरा दुख व्यक्त किया और सरकार से घटना की त्वरित और गहन जांच कराने की मांग की।

खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि इस घटना में कई कीमती जानें चली गई हैं।” उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

खरगे ने आगे कहा, “सरकार को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में हुई इस घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस चूक और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।”

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है।” उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करते हैं।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने सरकार से कहा कि वह घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे – https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *