लखनऊ, 15 दिसंबर 2025: एसबीआई कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग 2025 के तीसरे दिन डीडी-एआईआर एकादश, हिन्दुस्तान टाइम्स और पिछली उपविजेता टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलएसजेए) के तत्वावधान में और कैवेल्य कम्युनिकेशंस के सह तत्वावधान में आयोजित इस लीग में खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट का अनुभव दिया।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में हिन्दुस्तान टाइम्स ने दैनिक जागरण को 37 रन से हराकर जीत का परचम लहराया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 160 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अंशुल कुमार ने 52 गेंदों में आठ चौकों की मदद से नाबाद 55 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा जुहैब ने 37, वीर सिंह ने नाबाद 27 और दीपक गुप्ता ने 23 रन का योगदान दिया।
जवाब में दैनिक जागरण 19.5 ओवर में 123 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज श्यामू ने 51 गेंदों में 69 रन की बेहतरीन पारी खेली जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर सके। हिन्दुस्तान टाइम्स की ओर से अंशुल कुमार ने चार और जावेद मुस्तफा ने तीन विकेट लिए। अंशुल कुमार को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिसे ओमेक्स के बिजनेस हेड अंजनी कुमार पांडेय और अम्बेडकर नगर के एडिशनल एसपी हरेंद्र सिंह सेंगर ने प्रदान किया।

इसी स्टेडियम में पहले मैच में डीडी-एआईआर एकादश ने पिछली विजेता इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम को 40 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीडी-एआईआर ने 7 विकेट पर 145 रन बनाए। सुधीर अवस्थी ने 40 और सीएस आजाद ने 28 रन का योगदान दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम 105 रन पर ही ढेर हो गई। तरुण सिंह ने 3 और मयूर शुक्ला ने 2 विकेट लिए। डीडी-एआईआर की ओर से अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया और पुरस्कार उत्तर प्रदेश अंडरवाटर स्पोर्ट्स व फिन स्वीमिंग एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र सिंह चौहान ने प्रदान किया।

चौक स्टेडियम में हुए मुकाबले में पिछली उपविजेता टाइम्स ऑफ इंडिया ने एलएसजेए एकादश को 3 विकेट से हराया। एलएसजेए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर 112 रन बनाए। विक्रम श्रीवास्तव ने 34 और विमल पाण्डेय ने 30 रन बनाए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने 17.2 ओवर में 7 विकेट पर 114 रन बनाकर जीत हासिल की। टीम की जीत में ऋषि सिंह सेंगर ने 23 रन और 4 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा देवेश पाण्डेय ने 20 और इश्तियाक ने 13 रन जोड़े। एलएसजेए की ओर से राहुल जॉय, विक्रम और विमल पाण्डेय को 2-2 विकेट मिले। ऋषि सिंह सेंगर को उनके आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

लीग के मुख्य प्रायोजक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और योनो एसबीआई हैं। इसके अलावा ओमैक्स, शुद्ध दूध, इकाना स्पोर्ट्स सिटी, आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स, क्वैड स्पोर्ट्स, भारत एक्सप्रेस, राधे गारमेंट्स, जेड स्टार फर्नीचर्स, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ, पूर्वांचल क्रिकेट एसोसिएशन, इंसोलॉक्स, उत्तर प्रदेश अंडरवाटर एवं फिन स्वीमिंग एसोसिएशन, दिव्य न्यूज नेटवर्क और राज गार्डन मैरिज हाल लीग के सह-प्रायोजक हैं।
मंगलवार दिनांक 16 दिसंबर को दिन का पहला मुकाबला हिन्दुस्तान टाइम्स बनाम डीडी-एआईआर एकादश के बीच सुबह 9 बजे और दिन का दूसरा मुकाबला कम्बाइंड मीडिया (एलडब्ल्यूजेयू) एकादश बनाम मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश के बीच दोपहर 12 बजे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेला जायेगा
