झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस के अंदरूनी लोग शामिल थे: नड्डा

झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस के अंदरूनी लोग शामिल थे: नड्डा

जांजगीर, 22 दिसंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2013 के झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस के अंदरूनी लोग ही शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं की हत्या के पीछे पार्टी के ही कुछ लोग नक्सलियों के संपर्क में थे।

जांजगीर में आयोजित ‘जनादेश पर्व’ समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार का नक्सलियों के साथ समझौता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का काम किया है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

नड्डा ने कहा कि वर्ष 2013 में झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले के समय वह छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रभारी थे। उन्होंने कहा, “आज मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि झीरम घाटी की घटना की जानकारी और अंदरूनी खबर किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं दी थी, बल्कि कांग्रेस के ही कुछ लोग अपने नेताओं को मरवाने के लिए नक्सलियों के संपर्क में थे।”

गौरतलब है कि 25 मई 2013 को विधानसभा चुनाव से पहले बस्तर जिले की झीरम घाटी में कांग्रेस की ‘परिवर्तन रैली’ के दौरान नक्सलियों ने पार्टी नेताओं के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 32 लोगों की मौत हो गई थी।

नड्डा ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद माओवाद के खिलाफ जमीनी स्तर पर निर्णायक कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद अब छत्तीसगढ़ के कुछ सीमित गांवों और जिलों तक ही सिमट कर रह गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में लगभग 2,500 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 1,853 को गिरफ्तार किया गया है तथा हिडमा और बसवराजू जैसे कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया है।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *