नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’ के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन को सार्वजनिक जीवन की बड़ी और अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अरुण कुमार सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता ने अपना पूरा जीवन जनसेवा और कांग्रेस के मूल्यों के प्रति समर्पित किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गहरा दुख जताते हुए कहा कि अरुण कुमार सिंह अपनी सरलता, जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
वहीं कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने भी उनके निधन को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि अरुण कुमार सिंह के जाने से राजनीतिक और सामाजिक जीवन में एक बड़ी शून्यता आ गई है। वे एक कर्मठ और सिद्धांतनिष्ठ नेता थे, जिन्होंने हमेशा जनता की आवाज को प्राथमिकता दी और संगठन को मजबूत किया।
वरिष्ठ नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
