पीएम मोदी की ‘मित्र’ टिप्पणी पर अखिलेश यादव का पलटवार—‘ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं’

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मित्र’ वाली टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है।

दरअसल, हाल ही में लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हल्के अंदाज में अखिलेश यादव को अपना मित्र बताते हुए कहा था कि “अखिलेश जी मेरे मित्र हैं, कभी-कभी मेरी मदद कर देते हैं।” यह टिप्पणी उस समय आई जब उन्होंने सपा सांसद द्वारा ओबीसी समुदाय का उल्लेख किए जाने पर प्रतिक्रिया दी थी।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह एक अहम सवाल है, लेकिन सदन में उनका माइक बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा, “हमने स्पष्ट कहा है कि हमें ऐसे दोस्तों की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मदद’ वाले बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई मदद हुई है, तो उसके बारे में केवल प्रधानमंत्री ही स्पष्ट कर सकते हैं। “मेरी जानकारी के अनुसार ऐसी कोई बात नहीं हुई है,” उन्होंने कहा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राजनीतिक माहौल को देखते हुए विपक्ष को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हार के डर से भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है।

इस बयान के बाद सियासी हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग और तीखी होने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *