मां की गुहार पर भावुक हुए सीएम योगी, बोले— बच्चे के इलाज में नहीं आने देंगे कोई बाधा

लखनऊ, 17 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक पीड़ित मां को भरोसा दिलाया कि उसके बच्चे के इलाज में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। बच्चे की हालत देखकर मुख्यमंत्री योगी भावुक हो गए। उन्होंने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली, जिस पर महिला ने बताया कि उसका कार्ड नहीं बना है।

इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, “घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे।” उन्होंने मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए और विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने महिला का प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजकर जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनाया जाए और इलाज का अनुमानित खर्च भी शासन को भेजा जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। वे स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी बातें सुनते रहे और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

जनता दर्शन में अपराध और जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और हर मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट भी दी और आशीर्वाद दिया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *