मोदी-नीतीश मॉडल पर ही चलेगा बिहार, शपथ ग्रहण के बाद बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना। बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि राज्य का शासन आगे भी “मोदी-नीतीश मॉडल” पर ही चलता रहेगा। सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के समग्र विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाना होगी।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इससे एक दिन पहले लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

शपथ ग्रहण के बाद सम्राट चौधरी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

नीतीश कुमार ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सम्राट चौधरी राज्य के विकास को नई गति देंगे और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे। वहीं, सम्राट चौधरी के पिता और सात बार विधायक रहे शकुनी चौधरी ने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद यह सफलता मिली है।

जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में बिहार विकास के नए चरण में प्रवेश करेगा, जहां युवाओं को अवसर और किसानों को मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि सभी सहयोगी दल मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करेंगे।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इसे बिहार की राजनीति में नए युग की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को अब सम्राट चौधरी आगे बढ़ाएंगे।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह सरकार राजग की है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए विकास की दिशा में कार्य करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विश्वास जताया कि बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।

सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में नई राजनीतिक पारी की शुरुआत हो गई है, जिस पर अब पूरे देश की नजरें टिकी हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *