आर्यन चाय वाले ने खोली दुकान, अखिलेश यादव की दी केतली में बनी चाय का स्वाद

फतेहपुर, 23 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। जिले की खागा तहसील क्षेत्र के चौकी चौराहा पर बुधवार को “आर्यन चाय वाले” की नई दुकान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

दुकान के उद्घाटन के दौरान खास बात यह रही कि चाय अखिलेश यादव द्वारा भेंट की गई केतली में बनाई गई। आर्यन ने उसी केतली में चाय तैयार कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को परोसी, जो पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनी रही।

कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव और प्रदेश सचिव जगनायक सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता चौकी चौराहा पहुंचे। उनके साथ पूर्व विधायक मो. सफीर, पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन यादव और नगर पंचायत हठगांव के अध्यक्ष मुन्ना यादव समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। आर्यन के पिता शेषमान ने पत्रकारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को चाय परोसकर अतिथियों का स्वागत किया।

इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें वली उल्ला, चौधरी मंजर यार, विकल्प मौर्य, सुघर लाल यादव, परवेज आलम, हीरालाल साहू, रामबाबू यादव, सुशील यादव, अंकित यादव, यासिर सफीर, सुहैल खान, राजू सिद्दीकी, रावेंद्र यादव, आसिफ मसूद, सरदार जसवीर सिंह, मो. ताहिर, आजम सफीर और मोनू यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

गौरतलब है कि 20 फरवरी को अपने दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने इसी स्थान पर आर्यन की दुकान पर चाय पी थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चाय का सैंपल लिया गया और दुकान को सील करने की चेतावनी दी गई थी। यह मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया था और समाजवादी पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था।

अब दुकान के विधिवत उद्घाटन के साथ यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया, वहीं इसे सियासी रंग भी दिया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *