जन स्वाभिमान दिवस पर अपना दल (एस) का शक्ति प्रदर्शन, अनुप्रिया बोलीं- इंतजार मत करो, निकलो और कोहराम मचा दो

 लखनऊ, 02 जुलाई 2026 (यूएनएस)। अपना दल (एस) के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर गुरुवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘जन स्वाभिमान दिवस’ कार्यक्रम में पार्टी ने संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने अपने पिता डॉ. सोनेलाल पटेल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एक दृश्य चर्चा का विषय बना, जब अनुप्रिया पटेल श्रद्धांजलि देने के लिए आगे बढ़ीं, जबकि उनके पति, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल मंच पर अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने मंच पर धनुष-बाण भी उठाया, जिसे पार्टी ने अपने संघर्ष और सामाजिक न्याय के संकल्प का प्रतीक बताया।

अपने संबोधन में अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपना दल (एस) को अभी लंबा सफर तय करना है। उन्होंने कहा, “साथियों, प्रतीक्षा मत करो, वक्त मत गंवाओ। निकल जाओ और कोहराम मचा दो। नए सदस्य बनाने के लिए तैयार हो जाओ। अपना दल को नंबर वन बनाने का संकल्प लो।”

उन्होंने कहा कि एक समय राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा होती थी कि अपना दल का कोई भविष्य नहीं है, लेकिन वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का नीला-केसरिया झंडा विधानसभा तक पहुंचाकर यह साबित कर दिया कि अपना दल का भविष्य उज्ज्वल है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। एक कार्यकर्ता को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया, जिसकी तस्वीरें कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहीं।

समारोह में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी नेतृत्व ने इस आयोजन को आगामी राजनीतिक गतिविधियों से पहले संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *