लखनऊ। लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में पिछले 150 सप्ताहों से निरंतर आयोजित हो रहे जनसुनवाई शिविरों की श्रृंखला में रविवार को ग्रामसभा बंथरा में 151वाँ ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया।
इस जनसुनवाई शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन की योजनाओं और जनसुविधाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं।
जनसमस्याओं का त्वरित समाधान
शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, बाल सेवा योजना, सड़क, नाली, साइकिल, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनसमस्याएं दर्ज की गईं। मौके पर ही 10 समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवा की मजबूत पहल
आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए के.के. हॉस्पिटल के सहयोग से एक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 41 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 32 वृद्धजनों को चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल को ग्रामीणों ने काफी सराहा।
मेधावी छात्रों का सम्मान, युवाओं का सशक्तिकरण
‘गाँव की शान’ पहल के तहत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। जैस जायसवाल (97%), सौम्या गुप्ता (92%), श्रद्धा गुप्ता (92%), अनिकेत वर्मा (74%) और विश्व प्रताप सिंह (82%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
युवाओं को खेलों से जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 165वाँ बॉयज़ यूथ क्लब और 100वाँ गर्ल्स यूथ क्लब गठित किया गया। इसके साथ ही नवगठित क्लबों को खेल किट भी वितरित की गई।

सामाजिक सम्मान और सामुदायिक सहभागिता
शिविर में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें बूथ अध्यक्ष विवेक राजपूत, सेक्टर संयोजक पवन मिश्रा, प्रखर गुप्ता, विनोद मिश्रा, रोहित मौर्य, पुरुषोत्तम मिश्रा, दिनेंद्र सिंह, शिव कुमार सिंह, बैद्यनाथ (सेवानिवृत्त डीएसपी), शेरा गुप्ता, सुरेश सिंह चौहान, अरुण कुमार गुप्ता, पिंटू तिवारी, आयुष वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

इसके साथ ही ‘तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई’ के माध्यम से शिविर में उपस्थित सभी लोगों को ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे सामुदायिक सहभागिता और सौहार्द का संदेश भी दिया गया।
151वाँ ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ शिविर संवेदनशील नेतृत्व, सतत संवाद और समावेशी विकास की दिशा में एक सशक्त उदाहरण के रूप में सामने आया, जिसने सरोजनीनगर में जनविश्वास को और मजबूत किया है।
