समालखा में अगले महीने आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा, वार्षिक कार्ययोजना पर होगा मंथन

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (Agency)। आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का सर्वोच्च निर्णयकारी निकाय अगले महीने समालखा में होने वाली तीन दिवसीय वार्षिक बैठक में वर्ष भर की कार्ययोजना तैयार करेगा और विभिन्न राष्ट्रीय एवं संगठनात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेगा।

संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले 13 मार्च से शुरू होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। संघ के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा (एबीपीएस) 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के ग्राम विकास एवं सेवा साधना केंद्र, पट्टी कल्याण, समालखा में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से यह संघ का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है, जिसमें ‘वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य’ पर चर्चा के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

बैठक में संघ शाखाओं के माध्यम से संचालित पंच परिवर्तन पहल, सामाजिक परिवर्तन कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविरों और कार्यकर्ता विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी वर्ष के लिए संघ की व्यापक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रतिनिधि सभा में संघ शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों—विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिकों की बैठकें और सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम—की समीक्षा भी की जाएगी। प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव और परिणाम साझा करेंगे।

बैठक में 2025-26 के दौरान संघ की गतिविधियों का आकलन किया जाएगा और विभिन्न प्रांतों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। सम्मेलन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, सह सरकार्यवाह, वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न प्रांतीय व क्षेत्रीय इकाइयों के निर्वाचित प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इस वार्षिक सम्मेलन में संघ से जुड़े 32 आनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कुल 1,489 कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *