यूपी में पांचवीं बार सरकार बनाने का लक्ष्य, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें कार्यकर्ता : मायावती

लखनऊ, 24 मई 2026 (यूएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुटने की अपील करते हुए कहा है कि पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार सरकार बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाना होगा।

लखनऊ स्थित 12 माल एवेन्यू कार्यालय में रविवार को आयोजित बसपा उत्तर प्रदेश इकाई की बड़ी बैठक में मायावती ने संगठन की समीक्षा करते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विधानसभा, जिला और स्टेट कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पोलिंग बूथ स्तर के प्रमुख प्रभारी भी शामिल हुए।

मायावती ने कहा कि वर्तमान समय में चुनाव नई-नई चुनौतियों के बीच हो रहे हैं, इसलिए पार्टी संगठन को हर स्तर पर अधिक चुस्त-दुरुस्त और मुस्तैद बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बसपा के पक्ष में लगातार बढ़ रहे जनसमर्थन को देखते हुए उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सर्वजन हितैषी सरकार बनाने का मिशन पूरा करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 की तरह विरोधियों की हर चाल का मजबूती से मुकाबला करना होगा।

बसपा प्रमुख ने प्रत्याशियों के चयन में बरती जा रही सावधानी को जनहित और पार्टी हित में जरूरी बताते हुए कहा कि पार्टी पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “हाथी पर बटन दबाना है और सत्ता में वापस आना है। सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की सरकार दोबारा बनाने के लिए वोट की रक्षा अपनी इज्जत और जान-माल की तरह करनी होगी।”

मायावती ने देश के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठ समर्थक नीतियों के कारण आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकारों से रोजी-रोटी, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को एक बार फिर पूरी तरह आजमाई हुई पार्टी बसपा और उसके नेतृत्व पर भरोसा करना होगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *