स्कूलों में एआई, डिजिटल लिटरेसी और साइबर सिक्योरिटी पढ़ाने की मांग, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सीएम योगी को लिखा पत्र

लखनऊ, RNN। डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल लिटरेसी और साइबर सिक्योरिटी शिक्षा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। सरोजिनी नगर के विधायक सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इन विषयों को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने का आग्रह किया है, ताकि छात्रों को तेजी से बदलते तकनीकी दौर के लिए तैयार किया जा सके।

विधायक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वैश्विक अर्थव्यवस्था को तेजी से बदल रही है और वर्ष 2030 तक यह विश्व अर्थव्यवस्था में 15 ट्रिलियन डॉलर से अधिक का योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में नौकरियों और पदोन्नति के लिए एआई टूल्स का प्रभावी उपयोग करना महत्वपूर्ण होगा, इसलिए इसकी शिक्षा शुरुआती स्तर से देना जरूरी है।

डॉ. सिंह ने युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने के उद्देश्य से “उ.प्र. एआई और डिजिटल एजुकेशन मिशन” शुरू करने का सुझाव भी दिया। उनके प्रस्ताव के अनुसार कक्षा छह से ही एआई और कोडिंग की शिक्षा शुरू की जा सकती है। इसके साथ ही स्कूलों में एआई और डिजिटल इनोवेशन लैब स्थापित करने, शिक्षकों को प्रशिक्षित करने तथा तकनीकी कंपनियों के साथ साझेदारी विकसित करने की भी सिफारिश की गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए तकनीकी संस्थानों, विशेष रूप से आईआईटी कानपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग लिया जा सकता है, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीक से जुड़ी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

विधायक ने बढ़ते साइबर खतरों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर सिक्योरिटी जागरूकता भी उतनी ही जरूरी हो गई है। उन्होंने हाल में एक वैश्विक कंपनी पर हुए साइबर हमले का संदर्भ देते हुए कहा कि छात्रों को साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के बारे में शिक्षित करना अब विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता बन गया है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यदि स्कूल स्तर पर एआई और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाता है तो इससे नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा, युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार किया जा सकेगा और उत्तर प्रदेश को तकनीक तथा इनोवेशन के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *