पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले भाजपा के बागी विधायक बिष्णु प्रसाद शर्मा तृणमूल कांग्रेस में शामिल

कोलकाता, 19 फरवरी (Agency)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के बागी विधायक बिष्णु प्रसाद शर्मा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र की कार्सियांग विधानसभा सीट से विधायक शर्मा ने कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से तृणमूल की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी में शामिल होने पर राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु और उद्योग मंत्री शशि पांजा ने उनका स्वागत किया। शर्मा के पार्टी छोड़ने से विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या घटकर 64 रह गई है।

तृणमूल में शामिल होने के बाद शर्मा ने कहा कि वह किसी टिकट की अपेक्षा से नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजनीति और विकास मॉडल से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक आजाद पंछी हूं। मैंने अपने मतदाताओं के जनादेश का अनादर नहीं किया है। कुछ लोग मेरी आलोचना करेंगे, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है।”

शर्मा ने भाजपा पर गोरखा समुदाय को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने वादे तो किए, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के लिए आवंटित धनराशि को रोका है और कहा कि वह अब राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने अलग गोरखालैंड राज्य की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। शर्मा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में दार्जिलिंग सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसमें भाजपा के राजू बिस्टा ने जीत हासिल की थी।

इस बीच भाजपा ने उनके तृणमूल में शामिल होने को महत्वहीन बताते हुए कहा कि इससे पर्वतीय क्षेत्रों में पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष ने दावा किया कि शर्मा का अपने क्षेत्र में कोई ठोस जनाधार नहीं है। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने इसे क्षेत्र के लोगों के साथ विश्वासघात बताया।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले दो महीनों में होने की संभावना है, जबकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *