लखनऊ, 29 मई 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर महासभा परिसर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अस्थि कलश, प्रतिमा और बुद्ध विहार को हटाने की तैयारी की जा रही है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा शुरू से ही बाबा साहेब और सामाजिक न्याय की अवधारणा के खिलाफ रही है। संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।”
पंजाब निकाय चुनाव में भाजपा का सफाया: संजय सिंह
पंजाब निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि जनता ने आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि घोषित परिणामों में 59 नगर पालिकाओं में से 41 पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा एक भी नगर पालिका अध्यक्ष पद नहीं जीत सकी।
उन्होंने कहा कि 1977 वार्डों में से 1720 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें 842 वार्डों में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। संजय सिंह ने इस जीत का श्रेय पंजाब की जनता, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को दिया।
बिजली संकट पर 5 जून को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भी संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है और आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने के बजाय निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने में लगी है और जनता पर महंगी बिजली तथा स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि 5 जून को आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर बिजली कटौती और महंगी बिजली के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
पेपर लीक पर प्रयागराज से छात्र आंदोलन की तैयारी
युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार “परीक्षा पर चर्चा” तो करती है, लेकिन “पेपर लीक पर चर्चा” से बचती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि 1 जून को प्रयागराज में “पेपर लीक पर चर्चा” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्रों, छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए साझा मंच के रूप में आयोजित होगा।
महंगाई और तेल नीति पर केंद्र सरकार घिरी
संजय सिंह ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम जनता लगातार महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार तेल कंपनियों के मुनाफे को छिपाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय कॉरपोरेट हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।
गौवंश संरक्षण पर भी भाजपा को घेरा
गौवंश संरक्षण के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति के लिए गौ माता का नाम लेती है, जबकि जमीनी स्तर पर गौवंश की स्थिति खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास गायों के लिए भूसा उपलब्ध कराने तक के पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
प्रेस वार्ता में मौजूद जनक प्रसाद ने भी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अंबेडकर महासभा परिसर से अस्थि कलश, प्रतिमा और बुद्ध विहार हटाने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
