‘धर्म उत्सव @ सरोजनीनगर’ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया भाग

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘धर्म उत्सव @ सरोजनीनगर’ भक्ति, भाव और श्रद्धा का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। नटुकुर मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक राम भक्तों की उपस्थिति ने इसे एक विराट जनआस्था के पर्व का स्वरूप दे दिया। कार्यक्रम में भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्रारंभिक प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे मैदान में ‘राम नाम’ के जयकारों और भजनों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर को विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब तक 220 मंदिरों का सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार किया जा चुका है, और भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने राम द्रोही और राष्ट्र द्रोही विचारधारा पर निशाना साधते हुए स्पष्ट किया कि ऐसी सोच को सरोजनीनगर में स्थान नहीं मिलेगा।

भजन सम्राट कन्हैया मित्तल के मंच पर आते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उनके लोकप्रिय भजन “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” पर श्रद्धालु झूम उठे। इस दौरान उन्होंने लखनऊ से खाटू श्याम जी के लिए ‘श्याम रथ यात्रा’ शुरू करने और शहर में खाटू श्याम मंदिर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने तुरंत स्वीकार कर लिया। इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान कन्हैया मित्तल को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

पूरे आयोजन में सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *