आंध्र प्रदेश में पेट्रोल-डीजल सबसे महंगे, अंडमान में सबसे सस्ते: सरकार

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर : सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें आंध्र प्रदेश में सबसे अधिक हैं, जबकि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में ये सबसे सस्ती हैं। सरकार के अनुसार, कीमतों में इस अंतर का मुख्य कारण राज्यों द्वारा लगाए जाने वाले मूल्य वर्द्धित कर (वैट) की दरों में भारी भिन्नता है।

ईंधन कीमतों में असमानता से जुड़े एक प्रश्न के लिखित उत्तर में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में पेट्रोल की कीमत 109.74 रुपये प्रति लीटर है, जबकि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पेट्रोल मात्र 82.46 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध है।

मंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की अंतिम खुदरा कीमतों में केंद्र सरकार द्वारा लगाया गया उत्पाद शुल्क और राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा लगाया गया वैट या स्थानीय कर शामिल होता है। अलग-अलग राज्यों में मालभाड़ा और वैट की दरें अलग होने के कारण देशभर में ईंधन कीमतों में अंतर देखने को मिलता है।

आंध्र प्रदेश, जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है, पेट्रोल पर सबसे अधिक 29.06 रुपये प्रति लीटर वैट वसूलता है। इसके मुकाबले अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में पेट्रोल पर केवल 0.82 रुपये प्रति लीटर वैट लिया जाता है। यह वैट केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए 21.90 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क के अतिरिक्त है।

डीजल के मामले में भी यही रुझान है। आंध्र प्रदेश में डीजल की कीमत 97.57 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें 21.56 रुपये प्रति लीटर वैट शामिल है। वहीं अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में डीजल सबसे सस्ता है और इसकी कीमत 78.05 रुपये प्रति लीटर है, क्योंकि वहां वैट केवल 0.77 रुपये प्रति लीटर है।

आंध्र प्रदेश के बाद वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) शासित केरल में पेट्रोल की कीमत 107.48 रुपये प्रति लीटर है। कांग्रेस-शासित तेलंगाना में पेट्रोल 107.46 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कई भाजपा-शासित राज्यों में भी पेट्रोल के दाम ऊंचे हैं, जिनमें भोपाल में 106.52 रुपये, पटना में 105.23 रुपये, जयपुर में 104.72 रुपये और मुंबई में 103.54 रुपये प्रति लीटर शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पेट्रोल 105.41 रुपये प्रति लीटर है।

सरकार ने बताया कि महानगरों में दिल्ली में ईंधन अपेक्षाकृत सस्ता रहता है, क्योंकि वहां वैट की दर कम है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर है, जहां 15.40 रुपये प्रति लीटर वैट लगाया जाता है। ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर है।

इसके विपरीत, दमन में पेट्रोल 92.44 रुपये प्रति लीटर मिलता है। कम वैट दरों वाले छोटे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों जैसे गोवा (पणजी में 96.43 रुपये) और चंडीगढ़ (94.30 रुपये) में भी पेट्रोल अपेक्षाकृत सस्ता है।

डीजल की कीमतों में भी इसी तरह का रुझान देखने को मिलता है। आंध्र प्रदेश के अमरावती में डीजल 97.57 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि केरल, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की राजधानियों में इसकी कीमत 93 से 96 रुपये प्रति लीटर के बीच है। दिल्ली में डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर और गोवा में 87.81 रुपये प्रति लीटर है।

मंत्री सुरेश गोपी ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 और मई 2022 में दो चरणों में पेट्रोल पर कुल 13 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 16 रुपये प्रति लीटर तक उत्पाद शुल्क में कटौती की थी, जिसका पूरा लाभ उपभोक्ताओं को दिया गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *