नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे, इसमें कोई भ्रम नहीं: सम्राट चौधरी

पटना, 10 नवंबर : बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए — नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे।

उन्होंने यह बयान विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दिया।

चौधरी ने कहा, “नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे, इसमें किसी तरह का भ्रम नहीं है।” उन्होंने कहा कि भाजपा और राजग सरकार कानून के राज और विकास की निरंतरता के लिए प्रतिबद्ध है और भ्रष्टाचार या अराजकता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता जानती है कि लालू प्रसाद यादव का परिवार और राहुल गांधी भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार फिर से सत्ता में आती है, तो अदालत से आग्रह किया जाएगा कि चारा घोटाला, नौकरी के बदले जमीन घोटाला, बाढ़ घोटाला और अलकतरा घोटाला में जब्त की गई जमीन पर स्कूल और कॉलेज बनाए जाएं।

राजद पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “राजद ‘कंफ्यूज’ भी है और ‘डिफ्यूज’ भी। तेजस्वी यादव खुद को नेता मानते हैं, लेकिन जनता जानती है कि लालू परिवार लूट, अराजकता और भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव हारने के डर से विपक्ष प्रधानमंत्री और चुनाव आयोग पर “बेबुनियाद आरोप” लगा रहा है।

उन्होंने कहा, “इस चुनाव में राजद कहीं मुकाबले में नहीं है। महागठबंधन के नेता खुद भ्रम में हैं। राहुल गांधी तो अभी से ही ‘वोट चोरी’ का नारा देने लगे हैं।”

विकास के मुद्दों पर बात करते हुए चौधरी ने कहा कि 2005 से 2020 तक बिहार में बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है। उन्होंने बताया कि जिस बिहार में कभी सिर्फ 8,000 किलोमीटर सड़कें थीं, वहां अब लगभग 1.5 लाख किलोमीटर सड़कें बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है — “आज बिहार के सभी 38 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पहले गंगा नदी पर केवल चार पुल थे, अब आठ बन चुके हैं और आठ का निर्माण जारी है।”

कृषि क्षेत्र की प्रगति पर उन्होंने कहा कि राज्य में अनाज उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि वे किसी मेडिकल कॉलेज के मालिक नहीं हो सकते, “अधिकतम किसी ट्रस्ट से जुड़े हो सकते हैं।”

अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर उन्होंने कहा, “न्यायालय अपना काम कर रहा है। पिछले 30 वर्षों से मुझ पर ये आरोप लगाए जाते रहे हैं।”

उप मुख्यमंत्री ने अंत में मतदाताओं से अपील की कि वे पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी बढ़-चढ़कर मतदान करें, ताकि बिहार में विकास और सुशासन की सरकार बनी रहे।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे – https://readnownews.in/

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *