अयोध्या जिले के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के पगला भारी गांव में गुरुवार को एक भीषण धमाके से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, एक मकान में हुए जोरदार विस्फोट के चलते पूरा घर भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें भी हिल गईं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से एक फटा हुआ कुकर और सिलेंडर बरामद किया गया है, जिससे आशंका है कि विस्फोट पटाखों या रसोई गैस से संबंधित हो सकता है। हालांकि, विस्फोट के असल कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर रहकर हालात की निगरानी करने का भी आदेश दिया है।
फिलहाल गांव में मातम पसरा हुआ है, और इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है और जांच पूरी होने तक संयम बरतने को कहा है।
