मायावती ने आजम खां के बसपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया, कहा- मैं किसी से छिपकर नहीं मिलती

लखनऊ, 9 अक्टूबर  – समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलों पर बसपा प्रमुख मायावती ने स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। बसपा संस्थापक कांशीराम की 19वीं पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित एक रैली में मायावती ने बिना नाम लिए इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह कभी किसी से छिपकर नहीं मिलतीं।

उन्होंने कहा, “पिछले एक महीने से यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि एक वरिष्ठ नेता बसपा में शामिल होने वाले हैं और वह मुझसे दिल्ली व लखनऊ में मिल भी चुके हैं। लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि मुझे ऐसी किसी भी मुलाकात की जानकारी नहीं है।” मायावती ने यह भी कहा, “मैं जब भी किसी से मिलती हूं तो खुलेआम मिलती हूं, छिपकर नहीं।”

गौरतलब है कि हाल ही में 23 महीने की जेल यात्रा के बाद आजम खां को जमानत पर रिहा किया गया है। उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से रामपुर स्थित उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद उन अटकलों पर विराम लगता नजर आया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वे सपा नेतृत्व से नाराज होकर बसपा का दामन थाम सकते हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मायावती की यह टिप्पणी साफ संकेत है कि बसपा फिलहाल किसी बड़े चेहरे को शामिल करने की तैयारी में नहीं है, और पार्टी अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपनी सांगठनिक मजबूती पर फोकस कर रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *