यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही लोजपा रामविलास: चिराग पासवान

लखनऊ,05 जुलाई 2026 (यूएनएस)। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती इस वर्ष लखनऊ में मनाने का फैसला लिया गया है, जिसके जरिए प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा देने का अभियान शुरू होगा।

रविवार को पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी दिवंगत रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देशभर में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी की मजबूत मौजूदगी है, जबकि झारखंड और नगालैंड में पार्टी के विधायक हैं।

इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के तहत अब उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य तय किया गया है। आने वाले दिनों में प्रदेश इकाई के नेतृत्व में विभिन्न जिलों में संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी चुनाव मैदान में उतरने की इच्छुक है।

हालांकि, गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला प्रदेश इकाई करेगी, जिसका प्रस्ताव केंद्रीय संसदीय बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) केंद्र और बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित ऑनलाइन धमकी मिलने के मामले में चिराग पासवान ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और यदि किसी ने ऐसी हरकत की है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर चिराग पासवान ने कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार निष्पक्ष जांच करा रही हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को भी खारिज किया कि प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *