लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को लखनऊ की प्रसिद्ध शर्माजी की चाय की दुकान पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्की ली। इस दौरान उन्होंने बन-मक्खन और समोसे का भी स्वाद लिया तथा कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है।
नितिन नबीन ने कहा कि वह आज “शर्माजी की चाय और बन-मक्खन का आनंद लेने आए हैं।” उन्होंने कहा कि चाय देश के हर घर से जुड़ा विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बनाया। जिन लोगों ने कभी उनका मजाक उड़ाया था, वे आज राजनीतिक हाशिये पर हैं। इसलिए अब कोई चाय वाले का मजाक नहीं उड़ाता।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका, उत्तर प्रदेश निभाएगा विकसित भारत में अग्रणी भूमिका
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यक्षमता के लिए पूरे देश में सम्मानित हैं। प्रदेश के युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पहली बार लखनऊ पहुंचे नितिन नबीन का शनिवार सुबह अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबे रोड शो का आयोजन किया गया।
भाजपा के अनुसार, रोड शो के दौरान 42 से अधिक स्थानों पर नितिन नबीन का स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे तथा राजधानी में व्यापक स्तर पर स्वागत की तैयारियां की गईं।
दिन के अंतिम कार्यक्रम में नितिन नबीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पहुंचेंगे, जहां दोनों नेताओं के बीच मुलाकात और रात्रिभोज के दौरान प्रदेश की राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
