लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित यूपीटीईटी-2026 की तीन दिवसीय शिक्षक पात्रता परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 19,94,661 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 17,70,714 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 88.77 प्रतिशत रही।
एआई निगरानी में 44 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, मोबाइल से नकल का प्रयास भी विफल
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 2 और 3 जुलाई को आयोजित उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा में 12,11,459 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,57,055 (87.25 प्रतिशत) ने परीक्षा दी। वहीं 3 और 4 जुलाई को आयोजित प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा में 7,83,202 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,13,659 (91.12 प्रतिशत) अभ्यर्थी शामिल हुए। उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 87 प्रतिशत तथा प्राथमिक स्तर में 90.85 प्रतिशत दर्ज की गई।
शनिवार को अंतिम पाली की परीक्षा में 3,79,316 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3,34,775 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिससे अंतिम दिन की उपस्थिति 88 प्रतिशत रही।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा की निगरानी आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की गई। अध्यक्ष, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की मौजूदगी में सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। साथ ही सभी 60 जनपदों में सदस्यगण तथा सेवानिवृत्त आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को प्रेक्षक नियुक्त कर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कराया गया।
एआई आधारित सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्ध अभ्यर्थियों की पहचान की गई। जांच के दौरान 2 जुलाई को 14, 3 जुलाई को 11 तथा 4 जुलाई को 19 सहित कुल 44 फर्जी परीक्षार्थी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। इसके अलावा 3 जुलाई को एक अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन के माध्यम से नकल करने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सतर्कता विभाग और एसटीएफ के सहयोग की सराहना करते हुए सभी प्रेक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा परीक्षार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की पारदर्शी और तकनीक आधारित परीक्षा व्यवस्था के तहत यूपीटीईटी-2026 पूरी तरह निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और नकलविहीन ढंग से संपन्न हुई।
