लखनऊ, 1 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर से राज्यव्यापी स्कूल चलो अभियान-2026 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा को सामाजिक और राष्ट्रीय विकास की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए प्रदेशवासियों से अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए, क्योंकि किसी बच्चे का स्कूल से दूर रहना केवल उसके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की भी क्षति है।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि आदिशक्ति मां शाकुम्भरी देवी की कृपा से अभिसिंचित सहारनपुर से शिक्षा, संस्कार और विकास के नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के दूसरे चरण के तहत नन्हें विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित की गई, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर 613 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और विकास से जुड़ी ये पहलें ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति देंगी।
योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, सांसदों, विधायकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रत्येक पात्र बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और ड्रॉपआउट दर को कम करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से यह अभियान प्रदेश के हर बच्चे तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाने में सफल होगा।
