हरदोई, 25 मई 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान की शुरुआत 5 जून से करेगी। यह अभियान 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के साथ चलाया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के जिला संयोजक प्रीतेश दीक्षित, सह संयोजक संजय सिंह गुड्डू, जिला मंत्री निर्देश राजपूत, सह कार्यालय मंत्री अर्जुन सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने बताया कि “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प और “विकसित भारत” के विजन के साथ यह अभियान जनसंपर्क और जनजागरण पर केंद्रित रहेगा। अभियान की जिला कार्यशाला 28 मई को शाम चार बजे जिला कार्यालय पर आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल स्तर पर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता वृक्षारोपण करेंगे। वहीं 13 या 14 जून को जिला मुख्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित होगी, जिसे प्रभारी मंत्री असीम अरुण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संबोधित करेंगे।
14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 16 और 17 जून को जिला मुख्यालय पर प्रबुद्धजनों की सहभागिता से “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा।
17 से 20 जून तक केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में समाज, साहित्य, खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों से उनके आवास पर संपर्क करेंगे। उन्हें पार्टी साहित्य भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा।
अभियान का समापन 21 जून को प्रत्येक मंडल में योग शिविरों के आयोजन के साथ होगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सौरभ सिंह गौर, अजय शुक्ला, जिला मंत्री सत्यम शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह, कार्यालय मंत्री आजाद भदौरिया और प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक अविनाश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
