लखनऊ, 25 मई 2026 (यूएनएस)। पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में विश्वकर्मा समाज और पीडीए समाज पर हो रहे उत्पीड़न को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरा विश्वकर्मा समाज अब सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगा और अन्याय का डटकर मुकाबला करेगा।
मकबूलगंज स्थित विश्वकर्मा मंदिर सभागार में अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के तत्वावधान में आयोजित बैठक में प्रदेशभर से आए विभिन्न संगठनों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं। बैठक में करीब 600 नेता और पदाधिकारी शामिल हुए और सभी ने राम आसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व का समर्थन किया।
भाजपा सरकार से उठ गया है भरोसा, सपा ही लड़ रही पीडीए समाज की लड़ाई
राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव ने गाजीपुर की निशा विश्वकर्मा हत्याकांड समेत समाज पर हो रहे अत्याचार और उत्पीड़न के मामलों में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर न्याय दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवारों की आर्थिक सहायता भी की, जबकि भाजपा सरकार से समाज का भरोसा उठ चुका है।
उन्होंने लोगों से समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि पीडीए समाज की लड़ाई सपा लड़ रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर भाजपा सरकार को हटाने और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लें ताकि अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाया जा सके।
बैठक के दौरान राम आसरे विश्वकर्मा ने पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में विश्वकर्मा समाज पर हुए कथित उत्पीड़न, हत्या, दुष्कर्म, फर्जी मुकदमे और जमीन कब्जे की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने गाजीपुर, उन्नाव, चित्रकूट, भदोही, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, फिरोजाबाद, बदायूं, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बलिया, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशांबी, कानपुर देहात, औरैया, देवरिया, शाहजहांपुर, फतेहपुर और अंबेडकरनगर सहित कई जिलों की घटनाओं को बैठक में रखा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी अखिलेश यादव पीड़ित परिवारों की मदद कर रहे हैं। ऐसे में यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पीडीए समाज को और अधिक सम्मान तथा अधिकार मिलेंगे।
बैठक में राजेश विश्वकर्मा राष्ट्रीय महासचिव, डॉ. शशिकांत विश्वकर्मा राष्ट्रीय सचिव, आदित्य धीमान राष्ट्रीय सचिव, अच्छे लाल विश्वकर्मा प्रदेश अध्यक्ष, आशुतोष विश्वकर्मा प्रदेश अध्यक्ष तथा विश्वकर्मा ब्रिगेड की महिला प्रदेश महासचिव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
