डबल इंजन सरकार ने यूपी में विकास का नया मार्ग प्रशस्त किया: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 24 मई 2026 (यूएनएस)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार का ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण करना है।

रविवार को बीजेपी लखनऊ द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सड़कों, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिससे गांव से लेकर शहर तक लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

उन्होंने क्षेत्र पंचायत अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और बुनियादी सुविधाएं और मजबूत होंगी।

उपमुख्यमंत्री ने संगठन और सरकार के कार्यों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग जैसे अभियान कार्यकर्ताओं की वैचारिक क्षमता और संगठनात्मक दक्षता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और अनुशासन पर आधारित है तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक सक्षम बनाते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *