‘59 साल की मेहनत का मिला इनाम’, विजय सरकार में जगह मिलने पर उत्साहित कांग्रेस

चेन्नई, 21 मई 2026। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। करीब छह दशक बाद कांग्रेस को राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिला है। सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस के शामिल होने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की लंबे संघर्ष के बाद मिली बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले 59 वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे थे और अब उनकी मेहनत रंग लाई है।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में यह एक अहम मोड़ है। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में भागीदारी कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को नई मजबूती देगी।

तमिलनाडु मंत्रिमंडल में कांग्रेस कोटे से एस राजेश और पी विश्वनाथन को मंत्री बनाया गया है।

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गठबंधन धर्म निभाती रही है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ऐसा राज्य था जहां पार्टी सहयोगी दलों को सत्ता तक पहुंचाने में मदद करती रही, लेकिन खुद सरकार का हिस्सा नहीं बनती थी। अब सत्ता में भागीदारी मिलने से पार्टी संगठन और मजबूत होगा।

टैगोर ने दावा किया कि इससे आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को फायदा मिलेगा और पार्टी तमिलनाडु तथा पुडुचेरी की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि सरकार में हिस्सेदारी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा था। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं की यह पुरानी मांग थी और अब इस फैसले से संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागाई ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के दिन आयोजित हुआ। शपथ लेने से पहले कांग्रेस नेताओं ने श्रीपेरंबदूर पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नव नियुक्त मंत्री एस राजेश कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना होगी। उन्होंने पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर टाइडल पार्क और तकनीकी केंद्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने इस राजनीतिक बदलाव के लिए राहुल गांधी का आभार भी व्यक्त किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *