रोम/नई दिल्ली, 20 मई 2026। नरेन्द्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं। यहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक नई सेल्फी साझा करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!” इसके साथ ही उन्होंने दोनों नेताओं की कोलोसियम के पास ली गई पुरानी तस्वीर भी साझा की। दोनों नेताओं की नई सेल्फी सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इससे पहले भी वर्ष 2023 और 2024 में मोदी-मेलोनी की सेल्फी काफी चर्चा में रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम रोम पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। होटल पहुंचने पर उन्होंने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से बातचीत की तथा एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था।
रोम एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मामलों एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मत्तारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-इटली सहयोग को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वार्ता के दौरान भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) और संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की समीक्षा पर विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा वह खाद्य एवं कृषि संगठन के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे और वैश्विक खाद्य सुरक्षा व बहुपक्षवाद के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराएंगे।
वहीं, रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और इटली के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है तथा प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई गति देगी।
