लखनऊ,16 मई 2026 । मायावती ने उत्तर प्रदेश में हाल में आए भीषण आंधी-तूफान से हुई तबाही पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सरकार को पूरी संवेदनशीलता और उदारता के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को दोबारा सामान्य जीवन जीने में सहायता देना सरकार की जिम्मेदारी है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, तूफान और भारी वर्षा से व्यापक जन-धन की हानि हुई है। ऐसे में राज्य सरकार को प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत और सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि लोग अपने बिखरे हुए जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई ने आम जनता की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। खासकर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर गरीबों, मेहनतकशों, किसानों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल के दामों में प्रति लीटर लगभग तीन रुपये की बढ़ोतरी से लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
मायावती ने कहा कि महंगाई का प्रभाव केवल परिवहन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ जाती हैं, जिससे आम आदमी का जीवन और कठिन हो जाता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, १३ मई को प्रदेश के कई जिलों में आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कम से कम १११ लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि ७२ लोग घायल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों तक चौबीस घंटे के भीतर राहत सहायता पहुंचाई जाए।
