‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ में गोरखपुर क्वींस की शानदार शुरुआत, संजू-अनुष्का सेमीफाइनल में

लखनऊ, 15 मई 2026। ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ में मेजबान गोरखपुर क्वींस की खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को कई वर्गों में अपनी चुनौती मजबूत बनाए रखी। लाइटवेट महिला पेयर्स स्पर्धा में संजू कुमारी और अनुष्का पटेल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

गोरखपुर के रामगढ़ताल में आयोजित प्रतियोगिता में संजू और अनुष्का ने 3:59.7 मिनट का समय निकालते हुए अपनी हीट में पहला स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने सीधे सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सहयोग से Rowing Federation of India के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में गुरुवार को प्रारंभिक दौर यानी हीट्स मुकाबले खेले गए। आयोजन उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन और खेल विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

रेपचेज के जरिए वापसी का मौका

अन्य स्पर्धाओं में भी गोरखपुर क्वींस की खिलाड़ियों ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। जूनियर क्वाड्रुपल स्कल में अंशू, काजल पाल, जसकरनवीर कौर और कनक निषाद की टीम 04:38.6 मिनट के समय के साथ चौथे स्थान पर रही और रेपचेज में पहुंच गई।

लाइटवेट डबल स्कल में सुलेखा मुर्मु और नीलू कुमारी की जोड़ी ने 3:56.7 मिनट के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल कर रेपचेज में प्रवेश किया।

महिला पेयर्स में रानी कुमारी और अंकिता कुमारी की जोड़ी 04:46.0 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि महिला डबल स्कल में श्रुति और अनवीर कौर हीरा ने 04:43.8 मिनट का समय निकालते हुए रेपचेज के लिए क्वालीफाई किया।

अन्य मुकाबलों में भी रोमांच

आरएफआई के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी के अनुसार, सब जूनियर डबल स्कल में स्टील ओर्स की मुस्कान सिंह और अव्या शुक्ला की जोड़ी ने 4:59.46 मिनट के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त कर फाइनल में जगह बनाई।

जूनियर पेयर्स की पहली हीट में भोपाल की स्नेहा कालमे और जिज्ञासा रेगर की जोड़ी ने 3:57.1 मिनट का समय निकालकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं महिला पेयर्स में कटक रोइंग क्लब की सोनालिका दास और रितु कौड़ी ने 04:06.2 मिनट के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।

मौसम बना चुनौती

लीग के चीफ ज्यूरी तेजस शिंदे ने बताया कि सुबह हवा का रुख प्रतिकूल होने के कारण मुकाबले समय पर शुरू नहीं हो सके। बाद में मौसम अनुकूल होने पर दोपहर सत्र में कुल 28 रेसों का आयोजन कराया गया।

शुक्रवार को सुबह नौ बजे से रेपचेज मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि दोपहर सत्र में सेमीफाइनल रेस आयोजित होंगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *