लखनऊ, 14 मई 2026। पंकज चौधरी ने देशवासियों से राष्ट्रहित में सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने और फिजूलखर्ची से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से संभव होता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौजूदा वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच हर नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी जीवनशैली में बचत, सादगी और स्वदेशी भावना को शामिल करे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल एक सलाह नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों, निजी संस्थानों और आम नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करने, सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र को अपनाते हुए स्वदेशी और भारत में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेशी यात्राओं और फिजूलखर्ची से बचकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की भी अपील की गई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने निजी संस्थानों से कहा कि जहां संभव हो, वहां “वर्क फ्रॉम होम” जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करे, तो आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
