पश्चिम एशिया संकट पर योगी का संदेश: “देशहित में बदलें आदतें, आत्मनिर्भरता को दें मजबूती”

लखनऊ, 14 मई 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर देशवासियों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जैसे कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों ने एकजुट होकर चुनौतियों का सामना किया था, वैसे ही मौजूदा वैश्विक संकट में भी देशहित को सर्वोपरि रखना होगा।

लखनऊ के एक कॉन्क्लेव में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया का संकट केवल क्षेत्रीय मामला नहीं है, बल्कि इसका असर ईंधन, खाद्य पदार्थों और उर्वरकों की आपूर्ति पर पड़ सकता है। ऐसे समय में हर नागरिक को सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे विकल्प अपनाने चाहिए, ताकि देश की आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल सके।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी बात पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसे गंभीरता से पढ़ना, समझना और चिंतन-मनन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी के आधार पर नकारात्मक टिप्पणी करना उचित नहीं है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 7700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 15 लाख से ज्यादा गोवंश संरक्षित हैं और इनके जरिए गोबर गैस प्लांट आधारित सामूहिक किचन मॉडल विकसित किए जा सकते हैं। इससे एलपीजी पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने भारत की प्राचीन आर्थिक और सांस्कृतिक समृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी भारत की विश्व अर्थव्यवस्था में 44-45 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। खेती, हस्तशिल्प, व्यापार और पर्यटन के जरिए देश वैश्विक शक्ति बना था। उन्होंने कहा कि संसाधनों, अनुसंधान और नवाचार से दूरी बढ़ने के कारण देश पिछड़ा, लेकिन अब फिर से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश को “प्रश्न प्रदेश” बताते हुए कहा कि उस समय दंगे, माफिया राज, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी समस्याएं चरम पर थीं। लेकिन डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश में बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक निवेश के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि जेवर स्थित देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट तैयार है और 15 जून से वहां से उड़ानें शुरू हो जाएंगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब 96 लाख एमएसएमई यूनिट सक्रिय हैं, जिनसे करीब तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। साथ ही सरकार 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय और बुनियादी ढांचे के विकास ने उत्तर प्रदेश को “बीमारू राज्य” की छवि से बाहर निकालकर देश की विकास यात्रा का इंजन बना दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *