सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, पार्टी संगठन समेत कई मुद्दों पर चर्चा

लखनऊ, 14 मई 2026। योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अचानक दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। करीब आधे घंटे चली इस बैठक को उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई। हाल ही में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किए गए छह नए मंत्रियों और दो स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को अभी तक विभाग नहीं सौंपे गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ अंतिम रणनीति तय करने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व नए मंत्रिमंडल के जरिए क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ राजनीतिक समीकरणों को भी मजबूत करना चाहता है। इसी कारण विभागों के आवंटन को लेकर मंथन जारी है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे के दौरान राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इन बैठकों में संगठनात्मक बदलावों और आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में बीते रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार किया गया था। शपथ लेने वाले मंत्रियों को कार्यालय कक्ष आवंटित कर दिए गए हैं, लेकिन विभागों का बंटवारा अब तक लंबित है। राजनीतिक हलकों में इसे लेकर लगातार चर्चाएं जारी हैं।

वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों समेत कुल 60 मंत्री शामिल हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *