9 साल में कुछ नहीं हुआ, तो 9 महीने में नए मंत्री क्या कर लेंगे?: अखिलेश यादव

योगी कैबिनेट विस्तार पर सपा प्रमुख का तंज, दल-बदलुओं और मंत्रियों की भूमिका पर उठाए सवाल

लखनऊ, 10 मई (यूएनएस)। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार नौ वर्षों में कुछ नहीं कर सकी, तो नए मंत्री अगले नौ महीनों में क्या कर लेंगे।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में केवल छह रिक्तियां हैं, जबकि दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं की संख्या इससे कहीं अधिक है। ऐसे में क्या सभी दल-बदलुओं को मंत्री पद से नवाजा जाएगा?

अखिलेश यादव ने सवाल किया कि यदि किसी एक समाज के कई विधायकों में से केवल एक को मंत्री बनाया जाता है, तो चयन का आधार क्या होगा। उन्होंने कहा कि बाकी नेताओं की उपेक्षा और नाराजगी को क्या किसी समझौते से शांत कराया जाएगा या उन्हें यह एहसास करा दिया जाएगा कि भाजपा किसी की स्थायी साथी नहीं है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के अपने कई नेता लंबे समय से मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे नेताओं की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे “इंतजार करते-करते सूखकर कांटा हो गए हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिन मौजूदा मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे या कम किए जाएंगे, उससे जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि वे अपने काम में असफल रहे हैं। ऐसे मंत्री चुनावी मैदान में बिना लड़े ही कमजोर पड़ जाएंगे।

अखिलेश यादव ने भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों को सम्मान मिलने के बजाय उपेक्षा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अपने पोस्ट में तंज भरे अंदाज में लिखा, “तुम थे जिनके सहारे, वो हुए न तुम्हारे… वो तो ठग हैं पुराने… तुम ये सच न जाने।”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता यह पूछ रही है कि आखिर आने वाले नौ महीनों में नए मंत्री ऐसा क्या कर लेंगे, जो भाजपा सरकार पिछले नौ वर्षों में नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अब तक केवल भ्रष्टाचार और अत्याचार को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों पर हमला कर रही है और महंगाई तथा बेरोजगारी ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *