भारत-वियतनाम संबंधों को नई मजबूती, राष्ट्रपति भवन में तो लाम के सम्मान में भव्य रात्रि भोज

नई दिल्ली। भारत और वियतनाम के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को नई दिशा देते हुए राष्ट्रपति भवन में बुधवार रात वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के सम्मान में भव्य राजकीय रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका औपचारिक स्वागत किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई वरिष्ठ मंत्री और दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।

भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर आए राष्ट्रपति तो लाम का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत और वियतनाम के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत आधार पर विकसित हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की मित्रता समय के साथ और अधिक मजबूत हुई है तथा यह साझेदारी क्षेत्रीय स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत की “एक्ट ईस्ट नीति” और भारत-प्रशांत क्षेत्र की रणनीति में वियतनाम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत वियतनाम एक प्रमुख सहयोगी देश के रूप में उभरा है। उन्होंने भारत-प्रशांत महासागर पहल में वियतनाम की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग भारत-वियतनाम संबंधों के मजबूत स्तंभ हैं। दोनों देश समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति और साझा चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार सहयोग बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रपति ने क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करने के लिए वियतनाम के साथ मिलकर कार्य करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

राष्ट्रपति मुर्मू ने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति तो लाम के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में उच्च स्तरीय संवाद, रक्षा सहयोग, विकास साझेदारी, व्यापार, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पर्यटन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रपति तो लाम की इस यात्रा के दौरान दुर्लभ खनिज, डिजिटल और वित्तीय प्रौद्योगिकी, संस्कृति तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कई समझौतों और सहयोग घोषणाओं पर सहमति बनी है। इसके साथ ही भारत और वियतनाम ने “विस्तारित व्यापक रणनीतिक साझेदारी” पर संयुक्त वक्तव्य जारी कर संबंधों को नई मजबूती देने का निर्णय लिया है।

राष्ट्रपति ने पिछले एक दशक में दोनों देशों के बीच व्यापार में हुई तेज वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक और रणनीतिक सहयोग भविष्य में दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करेगा। राष्ट्रपति भवन में आयोजित यह राजकीय रात्रि भोज भारत और वियतनाम के बीच बढ़ते विश्वास और मजबूत होते संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *