लखनऊ, 05 मई 2026। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री के पास से करीब 12 करोड़ रुपये की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद की है। आरोपी यात्री बैंकॉक से मादक पदार्थ छिपाकर लखनऊ लाने की कोशिश कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, राजस्व खुफिया निदेशालय को खुफिया जानकारी मिली थी कि बैंकॉक से आने वाली एयर एशिया की फ्लाइट (FD-146) में एक यात्री भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी और विमान के पहुंचते ही संदिग्ध यात्रियों की जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान एक यात्री के बैग से करीब 12 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने तुरंत मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, बरामद हाइड्रोपोनिक वीड उच्च गुणवत्ता की ड्रग्स होती है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी मांग रहती है। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में ड्रग्स तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। करीब 15 दिन पहले भी एक यात्री को 14.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड के साथ पकड़ा गया था, जिसकी कीमत लगभग 14.5 करोड़ रुपये बताई गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत कब्जे में लिया गया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट पर लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं, बावजूद इसके तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर ड्रग्स की तस्करी की कोशिश कर रहे हैं।
