लखनऊ से हज यात्रियों का तीसरा जत्था रवाना, 428 यात्रियों ने भरी उड़ान

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026। राजधानी लखनऊ से हज यात्रियों के रवाना होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस से हज यात्रियों का तीसरा जत्था रवाना किया गया, जिसमें कुल 428 यात्री शामिल रहे।

इस जत्थे में 223 पुरुष और 205 महिला हज यात्री शामिल थे। इससे पहले 22 अप्रैल को पहली फ्लाइट रवाना हुई थी, जिसके बाद लगातार जत्थों की रवानगी जारी है। इस मौके पर अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने यात्रियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सचिव एस.पी. तिवारी के अनुसार, अब तक लखनऊ, कानपुर, बहराइच, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़ और सीतापुर सहित विभिन्न जिलों के हज यात्री इन उड़ानों में शामिल हो चुके हैं। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था सरोजनी नगर स्थित हज हाउस में की गई है, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए हज हाउस में ठंडे पानी, एयर कंडीशनर युक्त कमरे और स्वच्छ भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परिसर में कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां रियायती दरों पर भोजन दिया जा रहा है।

यात्रियों की सुविधा के लिए हर फ्लाइट के साथ हज इंस्पेक्टर भी भेजे जा रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। इसके अलावा हज हाउस के बाहर ट्रैफिक नियंत्रण, मोबाइल टॉयलेट और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा हज यात्रियों के साथ आने वाले परिजनों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *