कम लोड वाले बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 30 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन

लखनऊ, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने कम लोड वाले घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ऊर्जा विभाग ने ऐसी व्यवस्था लागू की है, जिससे छोटे उपभोक्ताओं को नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी तुरंत कनेक्शन कटने की समस्या से छुटकारा मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि 1 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन अब बैलेंस नेगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा। यानी एक महीने का पूरा बिलिंग चक्र पूरा होने से पहले किसी भी स्थिति में कनेक्शन विच्छेद नहीं किया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को आर्थिक दबाव से राहत देना और उन्हें समय पर भुगतान का अवसर देना है।

सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई एसएमएस सूचना प्रणाली भी लागू की है। अब किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले कम से कम 5 अनिवार्य एसएमएस अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि उपभोक्ता समय रहते बकाया जमा कर सकें और असुविधा से बच सकें।

इसके अलावा 2 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं का कनेक्शन 200 रुपये तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा। यह कदम छोटे और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में विद्युत अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं। अब तक करीब 30 लाख नए विद्युत खंभे लगाए जा चुके हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाले राज्यों में अग्रणी बनकर उभरा है। भीषण गर्मी के इस दौर में सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *