कृष्णानगर रैली में पीएम मोदी का तंज—“झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची टीएमसी को लगी”

कोलकाता। नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैंने बंगाल में झालमुड़ी खाई, लेकिन मिर्ची तृणमूल को लगी।”

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है और भारी मतदान भाजपा के पक्ष में जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार जहां-जहां ज्यादा मतदान हुआ है, वहां भारतीय जनता पार्टी को जीत मिल रही है।

पीएम मोदी ने चुनावी हिंसा को लेकर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि पिछले 50 वर्षों के मुकाबले इस बार चुनावों में हिंसा न्यूनतम रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जनता बदलाव के पक्ष में जनादेश देगी।

रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए “मोदी की गारंटी” के तहत 10 नई गारंटियों की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” का मतलब वादों का पूरा होना है।

प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा है और इसे समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि इस बार तृणमूल कांग्रेस कई जिलों में खाता भी नहीं खोल पाएगी। उल्लेखनीय है कि राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान के दौरान दोपहर एक बजे तक करीब 62.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, हालांकि कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की खबरें भी सामने आईं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *