बंगाल चुनाव: पश्चिम मेदिनीपुर में सीएम योगी का टीएमसी पर तीखा हमला, तुष्टिकरण को बताया राज्य की बदहाली का कारण

पश्चिम मेदिनीपुर, 20 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी सरगर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिंगला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित अपनी पहली जनसभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौजवान परेशान हैं, किसान हताश हैं और उद्योग-धंधे चौपट हो चुके हैं, जबकि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में व्यस्त है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी स्वागता मन्ना और सुवेंदु सामंत के समर्थन में आयोजित इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सैंड, कोल, लैंड और कैटल माफिया सक्रिय हैं, जो राज्य के संसाधनों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘जय श्रीराम’ के नारे से चिढ़ है और धार्मिक आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले वहां भी कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब ‘नो कर्फ्यू-नो दंगा’ का माहौल है और माफिया व अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कानून का राज स्थापित हो चुका है।

उन्होंने अनुसूचित जाति और जनजाति के मुद्दों को उठाते हुए कांग्रेस, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि इन दलों ने इन वर्गों के उत्थान के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि पहली बार जनजातीय समाज को देश के सर्वोच्च पद पर प्रतिनिधित्व मिला है।

मुख्यमंत्री ने बंगाल की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए रवींद्रनाथ ठाकुर, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि यह भूमि देश को दिशा देने वाली रही है, लेकिन वर्तमान में अराजकता और अव्यवस्था का सामना कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि कांग्रेस, वामपंथी दलों और टीएमसी के शासन में राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है, उद्योग बंद हुए हैं और बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाइयों के बंद होने से युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए बदलाव जरूरी है और जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *