उप्र में ईंधन की कोई कमी नहीं, रसोई गैस किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 12 मार्च (RNN)। योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों को रसोई गैस की किल्लत से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की निर्बाध और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की वर्तमान मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कमी उत्पन्न न होने पाए और जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को उनकी अगली रिफिल की संभावित तिथि के बारे में भी उचित जानकारी दी जाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एलपीजी की आपूर्ति और वितरण की वास्तविक स्थिति के बारे में आमजन को नियमित रूप से अवगत कराएं।

मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति कालाबाजारी अथवा जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इनके वितरण में किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विकल्प के तौर पर प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि केरोसिन को विकल्प के रूप में रखा जाए और आवश्यकता के अनुसार इसका उचित वितरण सुनिश्चित किया जाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *