पश्चिमी यूपी में पर्यटन को रफ्तार, मंत्री जयवीर सिंह ने करोड़ों की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर/हापुड़/गाजियाबाद, 12 मार्च 2026। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति देने के लिए गुरुवार को कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और हापुड़ में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान ब्रजघाट में 100 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यटन विकास योजनाओं से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई गई। वहीं हापुड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान में कंबोडिया और थाईलैंड से लाई गई भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश बुद्ध की भूमि है, युद्ध की नहीं। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया के कई देश युद्ध की विभीषिका से जूझ रहे हैं, ऐसे समय में भगवान बुद्ध का शांति, करुणा और मानवता का संदेश पूरी दुनिया के लिए और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ती है और भगवान बुद्ध के विचार भी उसी मार्ग को प्रशस्त करते हैं।

नानकेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास

जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को नई गति मिली है। पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 81 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। मंत्री जयवीर सिंह ने इन कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

गाजियाबाद में पर्यटन परियोजना को गति

गाजियाबाद में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेमनगर, मधोपुरा स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर में करीब 5.52 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास परियोजना का लोकार्पण किया गया। इसके बाद मंत्री राजनगर में अजीत पाल त्यागी के आवास भी पहुंचे।

हापुड़ में बुद्ध प्रतिमा का अनावरण

हापुड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को समर्पित किया गया। इस पहल को प्रदेश में बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

86 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास

ब्रजघाट-गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब 86 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टीएफसी कम मल्टीकल्चरल हब का विकास, ब्रजघाट में मल्टीलेवल पार्किंग और भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण, ग्राम सरावनी स्थित पौराणिक शिव मंदिर का पर्यटन विकास तथा समेकित पर्यटन सुविधाओं का विस्तार शामिल है।

20 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण

मंत्री जयवीर सिंह ने गढ़मुक्तेश्वर-ब्रजघाट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें ब्रजघाट में फेसाड लाइटिंग, गंगा मंदिर के पर्यटन विकास कार्य, वीआईपी घाट पर पर्यटन सुविधाओं का सृजन, फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण तथा घाटों पर मूलभूत सुविधाओं का विकास शामिल है।

गंगा आरती में हुए शामिल

ब्रजघाट आरती स्थल पर आयोजित गंगा आरती में भी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए और मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार प्रदेश की आस्था, विरासत और सांस्कृतिक धरोहर को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान दिलाने का काम कर रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *